पूर्णागिरि (चंपावत)। दिवाली पर्व समाप्त होते ही मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। शुक्रवार सुबह से ही मां के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। प्रमुख पड़ावों में दिनभर जयकारे गूंजते रहे। करीब सात हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए।
विज्ञापन
दिवाली पर्व के दौरान धाम में श्रद्धालुओं की संख्या कुछ कम रही लेकिन पर्व समाप्त होते ही भक्तों की आवाजाही तेज हो गई है। भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति और प्रशासन ने व्यवस्थाएं बढ़ा दी हैं। मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन चंद्र पांडेय ने बताया कि मुख्य मंदिर में समिति की ओर से स्वयंसेवक तैनात किए गए हैं। वहीं प्रशासन ने पुलिस बल की व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।