गणाई गंगोली के ग्वाड़ी गांव में फुंके ट्रांसफार्मर को खंभे से नीचे उतारते यूपीसीएल कर्मी। संवाद
गणाई गंगोली (पिथौरागढ़)। तहसील क्षेत्र के ग्वाड़ी गांव में ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति ठप है। इस कारण 300 से अधिक की आबादी मोमबत्ती के सहारे घरों को रोशन करने के लिए मजबूर है।
गांव में बिजली आपूर्ति करने वाला ट्रांसफार्मर एक सप्ताह पूर्व फुंक गया था। यूपीसीएल ने इस खंभे से नीचे उतारा लेकिन नया ट्रांसफार्मर अभी तक नहीं लगाया जा सका है। ऐसे में गांव में बिजली आपूर्ति ठप है इससे ग्रामीणों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। चार्ज न होने से मोबाइल भी शोपीस बन गए हैं।
पूर्व प्रधान मंजू डसीला ने बताया कि कि कई बार यूपीसीएल से ट्रांसफार्मर को रिपेयर करने या नया लगाने की मांग की जा चुकी है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे में उन्हें ट्रांसफार्मर लगाने के लिए सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करानी पड़ी है। ग्रामीण विनोद डसीला, रविंद्र पथनी, गोलू पथनी सहित अन्य लोगों ने कहा कि जल्द ट्रांसफार्मर ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
कोट
ट्रांसफार्मर रिपेयर कर दिया गया है। जल्द ही इसे स्थापित कर गांव में आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। - हरीश सिंह, जेई, यूपीसीएल, गंगोलीहाट