महाबंद को लेकर चर्चा करते डीडीहाट जिला बनाओ वर्किंग कमेटी के पदाधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
डीडीहाट जिले की मांग को लेकर छह सितंबर को प्रस्तावित महाबंद और महारैली को सफल बनाने के लिए क्षेत्रवासी जुट गए हैं। जिला वर्किंग कमेटी के संयोजक डीएस पांगती और आरएस चौहान की अध्यक्षता में आयोजित विभिन्न संगठनों की बैठक में महाबंद की रूपरेखा तैयार की गई।
एड.रघुनाथ चौहान ने बताया कि बृहस्पतिवार को सुबह आठ से 10 बजे तक बाजार के लोग रामलीला मैदान में एकत्र होंगे। 11 से एक बजे तक जनसभा होगी, इसमें राजनीतिक एवं गैर राजनीतिक दलों के लोग विचार रखेंगे। एक बजे जुलूस की शक्ल में लोग तहसील कार्यालय पहुंचेंगे। इसके बाद तहसील प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा।
बैठक में उपस्थित टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष जीवन बोरा ने अपना पूरा समर्थन देने की बात कही। कहा कि महाबंद के दिन कोई भी टैक्सी नहीं चलेगी। व्यापार संघ अध्यक्ष गोविंद लाल साह ने कहा कि महाबंद में नगर के सभी व्यापारी अपनी दुकानें बंद रखेंगे। सीमांत के धारचूला, बलुवाकोट, अस्कोट, जौलजीबी, मुनस्यारी, नाचनी, थल के व्यापारियों और लोगों से भी संपर्क कर समर्थन जुटाने की बात कही। कमेटी के सदस्य कुंडल सिंह ने कहा कि आंदोलन को सफल बनाने के लिए पूरे क्षेत्र में जनसंपर्क किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि निजी स्कूल प्रबंधकों ने भी महाबंद के समर्थन में स्कूल बंद रखने की बात कही है। बुधवार को लाउडस्पीकर लगे वाहन से प्रस्तावित महाबंद का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। बैठक में यूथ विंग के सदस्य लवि कफलिया, चेतन साही, पवन टोलिया, रवि बोरा, रवींद्र बोरा मौजूद रहे। इधर, महाबंद और महारैली को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। एलआईयू की रिपोर्ट के आधार पर अन्य थानों से भी पुलिस फोर्स मंगाई जा सकती है।