पिथौरागढ़। धारचूला के विधायक हरीश धामी ने कहा है कि वह कोविड संक्रमित होने के कारण विधानसभा सत्र में भाग नहीं ले पा रहे हैं। वह विस सत्र में ऑनलाइन जुड़ना चाहते थे, लेकिन उन्हें हिस्सा नहीं लेने दिया जा रहा है। विधायक धामी ने कोरोना काल में सत्र के आयोजन को धन की बर्बादी बताया।
विधायक हरीश धामी ने सोमवार को अपनी फेसबुक पोस्ट में कहा है कि सरकार नैतिकता से भटक गई है। उन्होंने कहा कि वह किसी न किसी माध्यम से विस सत्र में हिस्सा लेना चाहते हैं, क्योंकि उनकी विधानसभा सीट में आपदा ने बड़ी तबाही मचाई है। इसका कोई समाधान सरकार स्तर से नहीं हुआ है।
लोग पुनर्वास के लिए तरस रहे हैं। अभी भी आपदा की स्थिति जस की तस है। धामी ने कहा कि में कोरोना पॉजिटिव जरूर हूं, लेकिन मेरा पूरा ध्यान अपने क्षेत्र के लोगों के दुख दर्द को विधानसभा में रखना है। कहा है कि नियम 58 के तहत वह अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन मुझे मोबाइल के माध्यम से भी जुड़ने का मौका नहीं दिया गया।