डाक टिकट पर चित्र छपना सम्मान की बात माना जाता है। महापुरुषों, नेताओं के चित्र वाले डाक टिकट आपने देखे होंगे, लेकिन अब आप भी डाक टिकट पर आ सकते हैं, आपका भी चित्र डाक टिकट पर छप सकता है, जिससे आप अपनी फोटो लगे डाक टिकट से चिट्ठी अपने प्रियजनों को भेज सकते हैं। इसके लिए आपको मात्र कुछ रुपये चुकाने होंगे। फिलहाल यह सुविधा डाक मंडल मुख्यालयों के मुख्य डाकघरों में ही उपलब्ध है।
भारतीय डाक विभाग ने नवंबर 2015 में माई स्टैंप नाम से यह स्कीम शुरू की है। स्कीम के तहत आपको हेड पोस्टआफिस में एक फार्म भरना होगा। 300 रुपये जमा करने पर एक सीट में 60 रुपये मूल्य के टिकट आपको दिए जाएंगे, जिसमें संबंधित व्यक्ति का फोटो लगा होगा। इन डाक टिकटों से आप अपने परिजनों को संदेश भेज सकते हैं।
हालांकि, भारतीय डाक की इस महत्वपूर्ण स्कीम को लागू होने के पांच महीने में उतना प्रचार-प्रसार नहीं मिला है, जितना मिलना चाहिए था। अब तक 309 लोग माई स्टैंप स्कीम का लाभ उठा चुके हैं।
हेड पोस्टआफिस में ही यह सुविधा है। हाथोंहाथ अपनी फोटो लगे डाक टिकट हासिल कर सकते हैं। लोग स्कीम से आकर्षित हो रहे हैं। -गिरीश चंद्र भट्ट, डाक अधीक्षक, पिथौरागढ़ मंडल।