बस स्टेशन में जनता का अभिवादन करने के लिए कार से उतरते प्रधानमंत्री
- फोटो : अमर उजाला
राज्य बनने के बाद नरेंद्र मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं, जो पिथौरागढ़ पहुंचे। ऐसे में लोगों का उत्साह उफान पर था। नैनी सैनी हवाई पट्टी से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सड़क के दोनों तरफ लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने को खड़े थे। लोगों की भारी भीड़, उत्साह के चलते प्रधानमंत्री के भी कदम ठिठक गए। उन्होंने केमू बस स्टैंड पर रुककर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी पर नैनीसैनी हवाई पट्टी से लेकर कार्यक्रम स्थल तक भी बड़ी संख्या में लोग जुट थे। जैसे ही प्रधानमंत्री का काफिला पहुंचा, लोगों ने नारे लगाने शुरू कर दिए। केमू बस स्टैंड पर भारी भीड़ जमा थी, ऐसे में अपरान्ह 2:50 बजे पहुंचे मोदी ने अपने वाहन को रुकवा दिया और अचानक वाहन से बाहर आ गए और लोगों का अभिवादन स्वीकार कर वह कार्यक्रम स्थल की तरफ बढ़े। बाद में लौटते समय भी केमू बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में लोग उनका इंतजार कर रहे थे। जन भावनाओं को समझते हुए इस बार भी पीएम मोदी अपने वाहन से बाहर निकल आए।
अपरान्ह 3:50 से 3:54 बजे तक वह केमू बस स्टैंड पर ही लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। लोगों को एक बार तो विश्वास ही नहीं हुआ था कि प्रधानमंत्री उनके सामने खड़े हैं। हालांकि सुरक्षा कर्मियों की चिंता जरूर बढ़ गई थी। लोगों ने मोदी के अभिवादन स्वीकार करते हुए मोबाइल से खूब वीडियो बनाने के साथ फोटो भी खींचे। बाजार में भी इसकी काफी चर्चा रही कि किस तरह मोदी ने सभी की भावनाओं का आदर किया।
कांग्रेसियों ने भी लगाए जमकर नारे
पीएम मोदी जब केमू बस स्टैंड पर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे, उस वक्त भाजपा के समर्थन में नारे लगने शुरू हो गए। इसी दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी अपने पक्ष में नारेबाजी शुरू कर दी। दोनों तरफ से खूब नारेबाजी हुई।