गुंजी में पौधरोपण करते चौथे दल के कैलाश यात्री
- फोटो : अमर उजाला
कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर गए दूसरे दल के 47 यात्रियों ने शुक्रवार को कैलाश परिक्रमा पूरी कर दी है। पहले दल के यात्री वापसी में आधार शिविर पहुंच गए हैं। चौथे दल के 53 यात्रियों का शुक्रवार को गुंजी में चिकित्सा परीक्षण हुआ। चिकित्सा परीक्षण में सभी यात्री स्वस्थ पाए गए। चौथे दल के यात्रियों ने गुंजी के मानसरोवर वन में पौधरोपण किया। तीसरे दल के 56 यात्रियों की कैलाश परिक्रमा शुक्रवार से शुरू हो गई है।
आईटीबीपी सातवीं वाहिनी मुख्यालय स्थित नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार पहले यात्री दल के 54 सदस्य यात्रा पूरी कर आधार शिविर धारचूला पहुंच गए हैं। दूसरे दल ने भी कैलास मानसरोवर परिक्रमा पूरी कर ली है। दूसरे दल के यात्री तिब्बत के कुंगू नामक स्थान पर हैं। दो जुलाई को यात्री लिपुलेख दर्रा पार कर भारतीय सीमा में प्रवेश करेंगे। उसी दिन चौथे दल के यात्री तिब्बत में प्रवेश करेंगे। तीसरा 56 सदस्यीय यात्रा दल कैलास पर्वत की परिक्रमा में दार्चिन में पहुंच चुका हैं।
चौथे दल के यात्री शुक्रवार को गुंजी से नाभीढांग को रवाना होंगे। यात्रियों के पांचवें दल ने शुक्रवार सुबह आधार शिविर धारचूला से नारायणआश्रम तक वाहनों से सफर किया। वहां से छह किलोमीटर पैदल चलकर यात्री सिर्खा पहुंच गए हैं। आईटीबीपी के सेनानी महेंद्र प्रताप ने बताया कि हिमालयी क्षेत्र में मौसम खुशगवार बना है। फिलहाल पैदल रास्तों की स्थिति ठीक है।