टनकपुर(चंपावत)। समान कार्य-समान वेतन और लंबित वेतन की मांग को लेकर उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ और उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारी यूनियन का आईएसबीटी परिसर में धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। हड़ताल के चलते शनिवार को 26 बसों के पहिए थम गए जिससे हल्द्वानी, रुद्रपुर काशीपुर, बरेली, हरिद्वार और अयोध्या जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ के कर्मी जहां आठवें दिन भी धरने पर बैठे रहे, वहीं रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने भी आंदोलन के दूसरे चरण में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में समान कार्य के लिए समान वेतन, तीन महीने का लंबित वेतन भुगतान और कुंभ मेले से पहले 500 नई बसों का क्रय शामिल है। धरने पर गौरव गुप्ता, मनोज मिश्रा, नीरज सिंह, हरीश जोशी, शेर सिंह बिष्ट और प्रवीण जोशी सहित दर्जनों कर्मचारी शामिल रहे।
यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
बसों के पहिये थमने से आईएसबीटी पर यात्रियों की भारी भीड़ नजर आई। टनकपुर के पूर्ति निरीक्षक दीप चंद्र बेलवाल और बरेली जाने वाले यात्री धर्मानंद पांडे ने बताया कि वे घंटों से बसों का इंतजार कर रहे हैं लेकिन पर्याप्त बसें न मिलने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में यात्रियों को अब उत्तर प्रदेश (यूपी) रोडवेज की बसों का सहारा लेना पड़ रहा है।
................
दो यूनियनों के आंदोलन से अयोध्या, हल्द्वानी, बरेली, काशीपुर, हरिद्वार आदि रूटों में बसों का संचालन प्रभावित हुआ है। 24 बसों का संचालन हुआ है। रोडवेज के बाद अनुबंधित और निगम की कुल 110 बस हैं।
-सुरेश चंद्र पांडेय, एआरएम, टनकपुर
लोहाघाट में रोडवेज कर्मचारी यूनियन का कार्य बहिष्कार जारी
लोहाघाट (चंपावत)। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन का कार्य बहिष्कार दूसरे दिन भी जारी रहा। कार्य बहिष्कार के दूसरे दिन भी रोडवेज बसों का संचालन नियमित रूप से चलता रहा। रोडवेज कर्मचारी यूनियन के शाखा अध्यक्ष महिपाल सिंह ने बताया कि सात सूत्री मांगों के लिए आंदोलन जारी है। उन्होंने बताया कि शासन स्तर पर वार्ता चल रही है। वार्ता के बाद भविष्य की रणनीति तय की जाएगी।