पिथौरागढ़। सीमांत जिले में मानसून के दौरान मौसम की स्थिति को देखते हुए अब विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित करने का निर्णय संबंधित उपजिलाधिकारी (एसडीएम) लेंगे। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाईं ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले की भौगोलिक परिस्थितियां विषम हैं और विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा की तीव्रता अलग-अलग हो सकती है। ऐसे में स्थानीय परिस्थितियों और मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए संबंधित एसडीएम अपने स्तर पर अवकाश घोषित करने का निर्णय ले सकेंगे।
यह व्यवस्था कक्षा एक से 12 तक के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी लागू होगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि अवकाश घोषित किए जाने की सूचना संबंधित एसडीएम जिला स्तर पर भी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।