पिथौरागढ़। नगर में संचालित एक निजी स्कूल की बस बड़ाबे गांव के पास खाई में गिर गई। इस घटना में चालक, परिचालक और एक छात्र घायल हो गया। छात्र की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं घटना के बारे में सुनकर स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में खलबली मच गई।
जानकारी के मुताबिक छुट्टी के बाद छात्रों को घर छोड़ने जा रही स्कूल बस बड़ाबे गांव के पास अनियंत्रित होकर 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। घटना में बड़ाबे निवासी चालक विपिन जोशी, परिचालक दीपक जोशी और उसमें सवार 11 वीं का एकमात्र छात्र अभय घायल हो गया।
हादसे की जानकारी पर आसपास के लोगों ने घायलों को खाई से निकालकर जिला अस्पताल भेजा। चालक और परिचालक के चेहरे, हाथ, पैर और सिर पर चोटें आईं हैं उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया।
वहीं छात्र के सिर पर गंभीर चोट आने से चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। बस में चालक, परिचालक के साथ ही एकमात्र छात्र सवार था। यदि छात्रों की संख्या अधिक होती तो बड़ी घटना हो सकती थी।
कोट
हादसे में घायल हुए छात्र को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। बताया कि चालक-परिचालक को अस्पताल में भर्ती किया गया है। - डॉ. जेएस नबियाल, पीएमएस
स्कूल बस के खाई में गिरने के मामले की जांच की जा रही है। इस मामलेे बस चालक से जानकारी ली जाएगी। - परवेज अली, पुलिस क्षेत्राधिकारी