पिथौरागढ़। जिला स्तरीय संस्कृत स्पर्धा के वरिष्ठ वर्ग में आठ विकासखंडों के सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया। संस्कृत नाटक में गंगोत्री गर्ब्याल जीजीआईसी, समूह नृत्य में इंटर कॉलेज सातशिलिंग, आशुभाषण में राजीव गांधी नवोदय विद्यालय गंगोलीहाट तथा संस्कृत वाद विवाद, समूहगान और श्लोकोच्चारण स्पर्धा में लक्ष्मण सिंह महर परिसर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
उत्तराखंड संस्कृत संस्थान हरिद्वार ने दो दिवसीय संस्कृत स्पर्धा एलएसएम परिसर में आयोजित की। बृहस्पतिवार को समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, विशिष्ट अतिथि कुलानुशासक डॉ. कमलेश भाकुनी, बीईओ बिण नीरज अधिकारी, बीईओ धारचूला राजेश अटवाल नवल पंत आदि उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं 24 अक्तूबर को होने वाली राज्य स्तरीय स्पर्धा में प्रतिभाग करेंगे।
स्पर्धा की अध्यक्षता परिसर के निदेशक डॉ. हेम चंद्र पांडेय ने की। इस दौरान परिसर की संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. विभा, स्पर्धा के जिला संयोजक डॉ. रघुनाथ भट्ट, सह संयोजक तनय कुमार द्विवेदी, खंड संयोजक और शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। वहीं नवोदय विद्यालय गंगोलीहाट की छात्रा प्रियंका टम्टा के आशुभाषण स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रधानाचार्य त्रिभुवन कुमार वर्मा और अन्य स्टाफ ने खुशी जताते हुए राज्य प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।