पिथौरागढ़ की नैनीसैनी हवाईपट्टी में पहुंची अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
यशराज फिल्म के बैनर तले बन रही ‘संदीप और पिंकी फरार’ फिल्म की शूटिंग सोमवार से पिथौरागढ़ में शुरू हो गई फिल्म की अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा सोमवार को चार्टर्ड विमान से नैनीसैनी हवाई पट्टी पहुंचीं। पहले दिन लिंक रोड स्थित एक गारमेंट्स के शोरूम में फिल्म के कुछ शॉट शूट किए गए। पिथौरागढ़ जिले में बन रही बड़े पर्दे की पहली फिल्म को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।
फिल्म की शूटिंग की टीम सुबह छह बजे लिंक रोड पहुंच गई और 8:15 बजे अभिनेता अर्जुन कपूर सेट पर पहुंचे। फिल्म शूटिंग के लिए गारमेंट्स की दुकान का नाम पथिक इंटरनेशनल शॉपी रखा गया है। फिल्म के अनुसार पुलिस कांस्टेबल संदीप पिंकी को भगाकर पिथौरागढ़ ले आता है और वह इसी शोरूम में खरीदारी के लिए जाता है। सोमवार को इसी सीन को फिल्माया गया। शूटिंग को देखते हुए लिंक रोड पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। शूटिंग देखने के लिए लोगों में उत्साह देखते ही बन रहा था। लिंक रोड के पास बने मकानों की छतों और सड़कों पर लोग सुबह से ही एकत्र हो गए। फिल्म के मुख्य किरदार संदीप की भूमिका निभा रहे अर्जुन कपूर की एक झलक पाने के लिए बेताब दिखे।
मंगलवार को दूसरे दिन फिल्म की शूटिंग टनकपुर रोड तिराहा के पास के एक होटल में होगी। इसके लिए पुलिस प्रशासन और यूनिट की सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। फिल्म की नायिका परिणीति चोपड़ा दूसरे दिन होने वाली शूटिंग में मंगलवार को रोल करेंगी। इसके लिए वह सोमवार को चार्टर्ड विमान से पिथौरागढ़ पहुंच गई हैं। विमान से उतरते ही उन्होंने सबसे पहले बच्चों के पास आकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। अपने मधुर व्यवहार के लिए पहले से ही चर्चित अभिनेत्री ने पायलट को सुरक्षित यात्रा के लिए धन्यवाद दिया और स्वागत को पहुंचे नगरवासियों से शूटिंग को शांतिपूर्वक कराने में सहयोग की अपेक्षा की। नैनीसैनी हवाईपट्टी पर सुरक्षा का जिम्मा जाजरदेवल थाने को दिया गया है। थाना प्रभारी दीपक बिष्ट और उपनिरीक्षक जसवीर सिंह ने उन्हें सकुशल होटल तक ले जाने की व्यवस्था की। फिल्म की शूटिंग 25 दिनों तक पिथौरागढ़ और आसपास के इलाकों में होगी। फिल्म की समापन वाला शॉट झूलाघाट के झूलापुल पर लिया जाएगा।