संदीप और पिंकी फरार फिल्म की शूटिंग देखने पहुंचे लोग।
- फोटो : अमर उजाला
दिवाकर बनर्जी के निर्देशन में बन रही फिल्म संदीप और पिंकी फरार की शूटिंग 8 वें दिन सोमवार को जीआईसी मार्ग पर डिग्री कालेज के पास एक मकान में हुई। इससे पहले रविवार को रात 11 बजे तक झूलाघाट रोड स्थित गैना गांव में शूटिंग की गई। देर रात गैना गांव में शूटिंग पूरी कर पूरी यूनिट पिथौरागढ़ आ गई थी।इसी कारण जीआईसी मार्ग पर देर से शूटिंग शुरू हुई और रात को भी शूटिंग जारी है।
पिथौरागढ़ जिले में पहली बार बन रही बड़े पर्दे की फिल्म की शूटिंग जीआईसी मार्ग स्थित बृजेश साह के मकान में हुई। फिल्म में अभिनेता अर्जुन कपूर और अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा अपराह्न 2.30 बजे शूटिंग स्थल पर आए और मकान के अंदर के और किचन के अंदर खाना बनाने के शॉट लिये गये। डिग्री कालेज के पास हो रही शूटिंग के देखने के लिए जबरदस्त भीड़ थी। शूटिंग के चलते जनता को अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। आसपास के लोगों को घरों से बाहर नहीं आने दिया। फिल्म निर्माताओं ने जनता को नियंत्रित करने के लिए भारी भरकम बाउंसरों को लगाया गया।
फिल्म के बाउंसरों द्वारा बार बार यातायात रोके जाने और जनता को दुकानों और मकानों में कैद रहने का फरमान जारी करने से लोगों में भारी गुस्सा था। नगर के डिग्री कालेज के पास मंगलवार को भी शूटिंग जारी रहेगी। अव्यवस्था को कम करने के लिए दर्जनों पुलिस के जवान लगाए गए। उसके बावजूद सैकड़ों की संख्या में लोग फिल्म की शूटिंग देखने पहुंचे।
मंगलवार को भी फिल्म की शूटिंग दोपहर बाद फिर से इसी मकान में की जाएगी और देर रात तक शूटिंग चलेगी। फिल्म निर्माता किसी भी व्यक्ति को मकान के अंदर होने वाली शूटिंग की जानकारी नहीं दे रहे हैं।
शूटिंग वाले स्थान की साइड पोज लेने के लिए मना कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार 13 और 14 दिसंबर को शूटिंग बंद रहेगी। शूटिंग को लेकर नगर की जनता में जितना उत्साह है उतनी इससे हो रही अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी भी है। श्री अनमोल प्रोडक्शन की निर्माता और प्रोडक्शन मैनेजर जगजीवन कन्याल ने पिछले वर्ष गोपी भीना की शूटिंग पिथौरागढ़ में की थी। वह कहते हैं कि पिथौरागढ़ में बड़े पर्दे की फिल्म संदीप और पिंकी फरार की शूटिंग के बाद और भी फिल्म कंपनियां पिथौरागढ़ में फिल्म बनाने के लिए आएंगे।