पिथौरागढ़। दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने नगर में मिठाई सहित अन्य खाद्य सामग्री की दुकानों में चेकिंग अभियान चलाया।
सहायक आयुक्त आरके शर्मा के नेतृत्व में चले अभियान में टीम ने नगर में संचालित 20 से अधिक दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान संदिग्ध लगने पर दुकानों से खोया बर्फी, खिलौने और बताशे के तीन सैंपल लिए जिन्हें जांच के लिए रुद्रपुर प्रयोगशाला भेजा गया। सहायक आयुक्त शर्मा ने बताया कि कारोबारियों को मिलावटी खाद्य सामग्री न बेचने, सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। यदि मिलावटी खाद्य सामग्री बेची तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।