पिथौरागढ़। मुर्गियों में बर्ड फ्लू की आशंका के मद्देनजर पशुपालन विभाग सतर्क हो गया है। विभाग ने बुधवार को अलग-अलग स्थानों से मुर्गियों के 10 सैंपल लिए। सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर के कुछ गांवों में बर्ड फ्लू के मामले सामने आने पर पिथौरागढ़ में भी जिला प्रशासन की ओर से नेपाल से चिकन और अंडों के आयात पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को मुर्गियों के सैंपल लेने के निर्देश दिए थे। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि पशुपालन विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों से मुर्गियों के 10 सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। उन्होंने बताया कि सभी पशु चिकित्सकों को सैंपल लेने के लिए निर्देशित किया गया है। संवाद