पिथौरागढ़। नमक को लेकर शनिवार सुबह पिथौरागढ़ में भी एक बार अफवाहों का बाजार गर्म रहा। यही नहीं कुछ लोग तो सिर्फ नमक खरीदने के लिए और पर्याप्त मात्रा में नमक घरों में रखने के इरादे से दुकानों में चले आए। कई व्यापारियों की दुकानों का नमक तो सुबह 30 मिनट में समाप्त हो गया। प्रशासन ने इन हालातों को देखते हुए तत्काल छापामारी शुरू की।
खाद्य विभाग, तहसील प्रशासन और पुलिस की टीम ने बड़े व्यापारियों और खुदरा व्यापारियों के यहां चेकिंग की। सभी जगह पर्याप्त मात्रा में स्टॉक मिला और कहीं से भी ओवररेट की सूचना नहीं मिली। अब दुकानदारों को सख्त हिदायत दे दी गई है कि वह एक ग्राहक को नमक का एक ही पैकेट दें। यदि कोई ज्यादा पैकेट की मांग करता है तो उसे कदापि न दें।
अपर जिलाधिकारी मोहम्मद नासिर ने लोगों से अपील की है कि नमक को लेकर फैलाई जा रही अफवाह पर यकीन न करें। नमक का अभाव होने का कोई सवाल पैदा नहीं होता। यदि किसी ने इस अफवाह के सहारे कालाबाजारी, ओवररेटिंग की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में कहीं पर भी नमक की कोई कमी नहीं है।
जो व्यक्ति इस तरह की अफवाह फैलाने, गांव से सीधे सादे लोगों को गुमराह करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। इस अफवाह के बाद डीएसओ मनोज कुमार बर्मन, तहसीलदार हरी राम, पुलिस की टीम ने पूरे नगर में दुकानों और गोदामों की चेकिंग करने के बाद शासन को यह रिपोर्ट भेज दी है कि पिथौरागढ़ में नमक का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। एडीएम ने जिले के सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि अपने क्षेत्र की बाजारों पर नजर रखें।