पिथौरागढ़। 15 नवंबर यानी कल पुलिस विभाग लोगों को फिट रहने का संदेश देने के लिए नगर में मैराथन का आयोजन करेगा। इसके लिए रूट और दूरी का निर्धारण किया गया है। नगर की सड़कों पर धावक दौड़ेंगे तो ऐसे में यातायात का रूट डायवर्ट किया जाएगा।
एसपी अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि मैराथन सुबह सात बजे से पुलिस कार्यालय से शुरू होगी। 16 वर्ष से कम आयु वर्ग की पांच किलोमीटर, 16 से 45 आयु वर्ग की 12.5 किलोमीटर जबकि 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की पांच किलोमीटर दौड़ कराई जाएगी।
धावक टकाना, विजडम तिराहा, टनकपुर तिराहा, कुमौड़, एपीएस, पंडा बाईपास, रई, सिल्थाम, घंटाकरण, अपटैक तिराहा, गुप्ता तिराहा होते हुए पुलिस कार्यालय तक दौड़ लगाएंगे। धावकों के साथ ही वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए मैराथन खत्म होने तक रूट डायवर्ट किया जाएगा। यह दौड़ लोगों को नशे से दूर रहकर स्वास्थ्य बेहतर रखने का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। उन्होंने मैराथन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।