रसैपाटा से पिथौरागढ़ को आ रही एक जीप शनिवार सुबह पंगरौली के पास खाई में गिर गई। दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भर्ती किया गया है। इस रोड पर जगह जगह गड्ढे बने हैं और कच्ची सड़क पर अक्सर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने सड़क की दशा सुधारने की मांग की है।
जीप शनिवार सुबह रसैपाटा से पिथौरागढ़ के लिए चली थी। रसैपाटा से करीब तीन किलोमीटर आगे पंगरौली बैंड में जीप का संतुलन बिगड़ गया और यह गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में जीप मालिक और चालक बालम सिंह, भद्रिका निवासी संतोष सिंह, रसैपाटा निवासी सरस्वती देवी और भूपाल सिंह घायल हो गए। घायलों को 108 वाहन से जिला अस्पताल लाया गया। जहां उनकी हालत में सुधार है। जीप में कुल सात लोग सवार थे। अन्य लोगों को मामूली चोट आई। जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने बताया कि सड़क की दशा सुधारने की मांग को लेकर वह कई बार लोनिवि के अधिकारियों को पत्र दे चुके हैं लेकिन किसी ने भी इस पर गौर नहीं किया।