पिथौरागढ़ का नैनीपातल ट्रंचिंग ग्राउंड(फाइल)
- फोटो : AMAR UJALA
संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़। नगर पालिका नैनीपातल ट्रचिंग ग्राउंड में ट्रीटमेंट प्लांट लगाकर कूड़े का निस्तारण वैज्ञानिक विधि से करेगी। इसके लिए पालिका को भारत सरकार से 6.5 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। पालिका प्रशासन धनराशि मिलते ही इसका निर्माण कार्य शुरू कर देगा। ट्रीटमेंट प्लांट बनने के बाद 10 से अधिक गांवों के लोगों को दुर्गंध और धुएं से निजात मिलेगा। स्थानीय ग्रामीण लंबे समय से इसके निर्माण की मांग कर रहे थे। पिथौरागढ़ नगर से 15 किमी दूर 0.75 हेक्टेयर भूमि में नगर पालिका लंबे समय से कूड़ा डालती है। इसका स्थानीय ग्रामीण कई बार विरोध कर चुके हैं। ग्रामीणों के विरोध के बाद नगर पालिका ने ट्रचिंग ग्राउंड में कूड़ा ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण की मांग को लेकर शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। लंबे समय से लंबित इस प्रस्ताव को एक साल पूर्व भारत सरकार ने तकनीकी स्वीकृति दी थी। लेकिन वित्तीय स्वीकृति मिलने के कारण इसका निर्माण कार्य फिर ठंडे बस्ते में चला गया था। एक साल बाद भारत सरकार ने इसके निर्माण के लिए 6.5 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दे दी है। कूड़ा ट्रीटमेंट प्लांट बनने के बाद 10 से अधिक गांवों के लोगों को दुुर्गंध और धुएं से निजात मिल पाएगी। ईओ मनोज दास का कहना है कि धनराशि मिलते ही इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
---:: जैविक खाद्य का किया जाएगा निर्माण :: पिथौरागढ़। नैनीपातल में कूड़ा ट्रीटमेंट प्लांट बनने के बाद यहां पर जैविक कूड़े से खाद्य और अजैविक कूड़े को बेचने के लिए मैदानी क्षेत्रों में भेज दिया जाएगा। इससे नगर पालिका की आय में भी खासा सुधार होगा।
---:: हाइवे किनारे कई सालों से डाला जा रहा है कूड़ा :: पिथौरागढ़। नगर पालिका हाइवे के पास कई सालों से कूड़ा डाल रही है। इससे बीसाबजेड़, नैनीपातल सहित कई अन्य गांवों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कूड़ा ट्रीटमेंट प्लांट बनने के बाद लोगों को इससे राहत मिल पाएगी।