बेड़ीनाग में ट्रॉफी के साथ विजेता टीम : संवाद
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। नितिन की नाबाद शतकीय पारी के दम पर रोबो इलेवन ने चतुर्थ शिव शक्ति क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया है। उम्दा प्रदर्शन के लिए नितिन को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
डिग्री कॉलेज मैदान में रविवार को फाइनल मैच का शुभारंभ सीएचसी बेड़ीनाग के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ सिद्धार्थ पाटनी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए विश्व एकादश ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 206 रन बनाए। विनीत ने 73, मंगल ने 40 और सचिन ने 38 रन बनाए। रोबो इलेवन के जयु ने 2 विकेट लिए। जवाब में रोबो इलेवन ने 17.4 ओवर में 3 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। नितिन ने 49 गेंद में 13 छक्कों और 7 चौकों की मदद से नाबाद 121 रन बनाए। चंदन ने 29 और योगेश ने 25 रन बनाए। विश्व एकादश के भूपेंद्र, पवन, प्रदीप ने 1-1 विकेट लिया।
विधायक फकीर राम टम्टा, जिपं सदस्य नंदन बाफिला ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। वहां भाजपा नगर अध्यक्ष इंद्र सिंह धानिक, कांग्रेस नगर अध्यक्ष अमित पाठक, वरिष्ठ व्यापारी जीवन चंद्र पंत, सेज संस्था के रत्नाकर पांडे, विनोद पाठक, मनोहर खाती, क्लब अध्यक्ष ललित पंत, उपाध्यक्ष ललित बाफिला, देवेंद्र लाल शाह, सचिव राजेश रावत, कोषाध्यक्ष संदीप धानिक आदि थे।