टॉयर फटने से बीच सड़क में फंसी बस।
- फोटो : PITHORAGARH
थल (पिथौरागढ़)। दिल्ली से मुनस्यारी की ओर आ रही उत्तराखंड परिवहन निगम की बस का टायर पांखू के पास फट गया। चालक रोशन सिंह ने सूझबूझ से बस को नियंत्रित कर लिया। धमाके की आवाज के साथ टायर फटने से बस में सवार 15 यात्री घबरा गए। हालांकि किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं पहुंची। बीच सड़क पर बस के फंसने से यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। टायर बदलने के बाद बस मुनस्यारी को रवाना हुई। (संवाद)
ड्राइविंग सीखने के दौरान खाई में गिरी कार
चंपावत। जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस के पास निर्माणाधीन हेलीपैड पर ड्राइविंग सीखना युवक को भारी पड़ा। ड्राइविंग सीखने के दौरान वाहन पर नियंत्रण खो जाने के कारण कार यूके 03 ए 0201 खाई में पलट गई। हादसे में कार को नुकसान पहुंचा है, अलबत्ता कार चला रहे युवक को खरोंच तक नहीं आई। कार पलटने की सूचना मिलने पर मौके पर कई लोग एकत्र हो गए। बाद में कार को खाई से सुरक्षित निकाल लिया गया।
कार खाई में गिरी, एक ही परिवार के तीन घायल
पिथौरागढ़। वड्डा-लेलू सड़क पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में माता-पिता और पुत्र घायल हो गया।
ग्राम बड़ालू निवासी पूरन सिंह अपनी पत्नी विमला देवी और बेटे दीपक सिंह के साथ मंदिर से लौटकर सोमवार शाम अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कार सन्न के पास अनियंत्रित कार खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में पूरन सिंह और विमला देवी को हल्की चोटें आईं जबकि दीपक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। दीपक सिंह के सिर, मुंह और आंख सहित शरीर के कई स्थानों पर गंभीर चोटें लगी हैं। आपातसेवा 108 से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।