हरिद्वार जा रही रोडवेज बस की बृहस्पतिवार सुबह 6.30 बजे यहां से 30 किलोमीटर दूर घाट मीना बाजार में सामने से आ रहे कैंटर से जबरदस्त टक्कर हो गई। इससे बस का अगला हिस्सा टूट गया। बस में 20 यात्री थे। इनमें 16 यात्री चोटिल हो गए जबकि चार को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। वाहनों की टक्कर के कारण पिथौरागढ़-टनकपुर एनएच पर दो घंटे जाम लग गया। बस में सवार यात्रियों का कहना है कि बस और कैंटर दोनों ही ओवर स्पीड में थे और तेजरफ्तार ही हादसे की मुख्य वजह भी रही।
बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे रोडवेज बस (यूए 07 पीए-1988) पिथौरागढ़ से हरिद्वार के लिए रवाना हुई। घाट से करीब एक किलोमीटर पहले मीना बाजार के पास कैंटर और इसकी जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में जो 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए उनमें बस चालक गोकुल सिंह निवासी खटीमा, बांस निवासी गणेश सिंह, जीआईसी मोहल्ला निवासी ममता उपाध्याय और गंगोलीहाट के टिम्टा स्कूल में कार्यरत शिक्षिका लक्ष्मी ग्वोसीकोटी शामिल हैं। सभी को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सक डा. विजय जोशी ने बताया कि जिला अस्पताल लाए गए घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
बसों की कमी झेल रहे रोडवेज को झटका
टायरों के अभाव में बसों की कमी झेल रहे पिथौरागढ़ रोडवेज डिपो को हरिद्वार के लिए नई बस का इंतजाम करने में कई घंटे लग गए। रोडवेज की कई शहरों के लिए बसों का संचालन बंद किया गया है। यदि कोई बस रोड पर खड़ी हो जाती है तो रिप्लेस करने के लिए तत्काल बस की व्यवस्था संभव नहीं हो पाती। बृहस्पतिवार की घटना के समय भी यही समस्या पैदा हुई।
चेकिंग अभियान से कोई फायदा नहीं
दुर्घटनाएं रोकने के लिए प्रशासन, पुलिस, आरटीओ समेत तमाम एजेंसियों ने ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान चलाया। राष्ट्रपति शासन के समय बाकायदा राज्यपाल ने इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए लेकिन इन अभियानों का कोई असर सामने नहीं आता। अभियानों के बाद भी दुर्घटनाओं का ग्राफ कम नहीं हो रहा है।