गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। गंगोलीहाट तहसील से समीपवर्ती गांव पठक्यूड़ा के युवकों की मेहनत रंग लाई है। युवाओं के उत्साह और श्रमदान से रविवार को गांव तक सड़क निर्माण का कार्य पूरा कर लिया गया है। गांव में सड़क पहुंचने पर ग्रामीणों ने शंख ध्वनि के साथ नव निर्मित सड़क का स्वागत किया और गांव के युवाओं को शाबाशी दी।
सड़क पहुंचने पर गांववासी झूम उठे और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। गांव में उत्सव का माहौल रहा। गांव के युवाओं ने सड़क निर्माण के लिए गांव के बुजुर्गों और गांव के बाहर रह रहे लोगों का आभार जताया और कहा कि यह सब ग्रामीणों की एकजुटता और आपसी सहयोग से संभव हो पाया। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक का भी आभार जताया। उन्होंने निर्माण के दौरान गांव में अपने प्रतिनिधि को भेजकर श्रमदान कार्य का जायजा लिया था और विधायक निधि से भी इस सड़क के लिए आर्थिक सहयोग देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने विधायक से आग्रह किया है कि जल्द सड़क के चौड़ीकरण और डामरीकरण के लिए पहल करते हुए लोनिवि से प्रस्ताव शासन को भिजवाने और सड़क को स्वीकृति दिलाने में मदद करें।
तहसील मुख्यालय के निकट पठक्यूड़ा गांव दशकों बाद भी सड़क सुविधा से वंचित था। गांव के अधिकतर लोग पलायन कर चुके हैं। बुजुर्ग और कुछ युवा ही गांव में रह रहे हैं। युवाओं ने सड़क निर्माण की मुहिम शुरू की तो पूरा गांव एकजुट हो गया और युवाओं के आह्वान पर सभी ने दिल खोलकर सहयोग किया। युवाओं की मेहनत रंग लाई और एक महीने में सड़क गांव तक पहुंचा दी। युवाओं ने कहा कि गांव के विकास की मुहिम जारी रहेगी। सड़क निर्माण पूर्ण होने पर मौके पर गांव के बुजुर्गों ने भूमि पूजन कर सड़क का स्वागत किया। इस मौके पर ईश्वरी दत्त पाठक, नित्यानंद पाठक, प्रकाश पाठक उर्फ भानु भैया, प्रकाश पाठक तालगूं, हेम पंत, हेम पाठक, गिरीश चंद्र पाठक, सुरेश सिंह, गया प्रसाद पाठक, नीरज पाठक, दीप चंद्र पाठक, राकेश पाठक, निर्मल पाठक, चंद्रा भट्ट रहे।
पाभै के ग्रामीण भामा-विष्णु मंदिर सड़क बनाने में जुटे
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। पाभै गांव के ग्रामीणों द्वारा श्रमदान से भामा-विष्णु मंदिर सड़क निर्माण किया जा रहा है। पिछले 18 दिन से ग्रामीण बिना थके निर्माण कार्य में लगे हैं।
ग्राम पाभै के ग्रामीणों ने बैठक कर भामा से विष्णु मंदिर तक तीन किमी सड़क निर्माण का निर्णय लिया। विष्णु मंदिर दर्शन के लिए जाने वाले लोगों को पैदल ही दर्शन के लिए जाना पड़ता था। लोगों ने कहा कि सड़क निर्माण होने से क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी और अधिक से अधिक लोग मंदिर तक पहुंच सकेंगे। जिसके बाद ग्रामीणों ने छह अगस्त से श्रमदान कर सड़क निर्माण कार्य शुरू किया। बारी-बारी से गांव के युवा श्रमदान कर सड़क निर्माण में सहयोग कर रहे हैं। रविवार तक ग्रामीण 500 मीटर तक सड़क काट चुके हैं। इस कार्य में पूर्व प्रधान भूपाल सिंह, चामू सिंह, कविराज सिंह, राजेंद्र सिंह, भगवान सिंह, विक्रम सिंह, नंदन सिंह, लक्ष्मण सिंह, भगवान सिंह, हीरा सिंह, हरीश सिंह, हीरा, प्रहलाद, अजय, दीवान, मान, जगदीश, पूरन, केदार, बबलू, किशन, रोशन, दीपक, सचिन, पंकज, मोहन, जीवन आदि रहे। वहीं समाज कल्याण योजना अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष फकीर राम ने 2021 तक सड़क स्वीकृत कराने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया है।