सड़क सुविधा से वंचित जिले के बडोली के ग्रामीणों ने एक बार फिर से रोड नहीं तो वोट नहीं का आह्वान किया है। इस संबंध में ग्रामीणों की ओर से मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
क्षेत्र के लोगों ने 2014 में भी सड़क नहीं होने के कारण लोकसभा चुनाव का बहिष्कार किया था। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार और जनप्रतिनिधियों की ओर से बार बार सड़क निर्माण के झूठे आश्वासन दिए जाते रहे हैं। लोक सभा चुनाव बहिष्कार के बावजूद उनकी किसी प्रकार की सुध नहीं ली जा रही है।
इस लिए उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार के लिए बाध्य होना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना था कि कई बार आंदोलन किए जाने के बाद भी उनकी मांग को नजरअंदाज किया जा रहा है। डीएम को ज्ञापन देने वालों में बीडीसी सदस्य भूमि देवी, ग्राम प्रधान मोहनी देवी, प्रकाश चंद्र थ्वाल, डिकरी देवी, धर्मानंद, शंकर दत्त, मोहन चंद्र, नाथ राम, गंगा दत्त, जीत राम, प्रकाश चंद्र आदि ग्रामीण शामिल रहे।