सुरक्षा कर्मियों और पंचाचूली जाने वाले पर्यटकों की बढ़ी मुश्किलें
संवाद न्यूज एजेंसी
धारचूला (पिथौरागढ़)। चीन सीमा को जोड़ने वाली दारमा घाटी की सड़क ग्लेशियर खिसकने से बंद हो गई है। 48 घंटे से यातायात बंद होने के कारण सुरक्षा बलों के जवानों और पंचाचूली जाने वाले यात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दारमा घाटी के चीन सीमा को जोड़ने वाली सोबला-ढाकर सड़क पर छगला नामक जगह पर भारी मात्रा में ग्लेशियर आ गया। दांतू के होम स्टे संचालक पानू दताल ने बताया कि सड़क बंद होने से अर्जेटीना, बंगाल और मध्यप्रदेश के पांच यात्रियों के साथ ही कई लोग ग्राम दांतू से आठ किलोमीटर छगला तक पैदल चलकर आने को मजबूर हुए। वहां से वाहन बदल-बदलकर धारचूला पहुंचने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
इधर हिमालय ब्लू शीप होम स्टे संचालक भूपेश जंग ने बताया कि मुंबई से आए यात्री सड़क बंद होने कारण लौट गए। बीआरओ के अधिकारियों ने बताया कि जेसीबी सड़क से बर्फ हटाने का कार्य कर रही है। उम्मीद है दो दिन में सड़क खुल जाएगी। बता दें कि पिछले दिनों बीआरओ ने इस सड़क को यातायात के लिए खोल दिया था। तब से पंचाचूली के लिए पर्यटकों की आवाजाही काफी बढ़ गई है।