पिथौरागढ़। मुनस्यारी के धामीकुड़ा से सेरा सुरईधार के लिए बनी सड़क की दशा खराब हो गई है। गड्ढों में तब्दील सड़क में लबालब पानी भरा है। मलबे, कीचड़ से सनी सड़क में वाहन फंस रहे हैं। जान जोखिम में डालकर यातायात संचालन हो रहा है। तीन किमी लंबी कच्ची सड़क का निर्माण दो साल पहले ही हुआ है। सड़क की कटिंग के नाम पर केवल खुदान कर सड़क का रूप दे दिया गया। निर्माण के समय ध्यान न देने से सड़क की कटिंग ढंग से नहीं की गई, आज खामियाजा लोग भुगत रहे हैं। इन दिनों सड़क में इतने जबरदस्त गड्ढे हो गए हैं कि वाहन संचालन में भारी दिक्कत आ रही है।
ताल, तलैय्या बनी सड़क में वाहन फंस रहे हैं। रविवार को इस सड़क में तीन वाहन पांच घंटे तक फंसे रहे। सोमवार को भी कई वाहन दलदली सड़क में फंसेे। सड़क में फंस रहे वाहनों को ट्रैक्टर के सहारे निकाला जा रहा है। पूर्व छात्रसंघ महासचिव सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश कोरंगा ने सड़क की दशा पर चिंता जताते हुए कहा कि लोनिवि इस ओर कतई ध्यान नहीं दे रहे है। सड़क में कभी भी हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा सड़क निर्माण के समय ही लोनिवि ने लापरवाही की है। सड़क मानकों के अनुसार नहीं बनी है। सड़क में कही पर भी निकास नाली नहीं बनाई गई है। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब हालत का मामला डीएम के सामने रखा जा रहा है। यदि सड़क की दशा न सुधरी तो क्षेत्रीय जनता को साथ लेकर आंदोलन छेड़ा जाएगा।