मुनस्यारी से हरकोट सड़क का निरीक्षण करती टीम।
- फोटो : PITHORAGARH
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मुनस्यारी से हरकोट सड़क खोलने की मांग को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों के आंदोलन की चेतावनी को देखते हुए पीएमजीएसवाई के अभियंताओं ने सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने 15 दिन के भीतर सड़क को खोलने का आश्वासन दिया है। आश्वासन के बाद पंचायत प्रतिनिधियों ने 13 अक्तूबर से प्रस्तावित आंदोलन स्थगित कर दिया है।
क्षेत्र में आई आपदा से हरकोट सड़क छह माह से बंद चल रही है। जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने प्रशासन से सड़क को खोलने की मांग की थी। इसके बाद एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को शीघ्र सड़क खोलने के निर्देश दिए।
सोमवार को पीएमजीएसवाई के एई महेश्वर आर्या, प्रभारी नायब तहसीलदार भुवन लाल वर्मा ने जिपं सदस्य मर्तोलिया के साथ सड़क का निरीक्षण किया। पीएमजीएसवाई के एई आर्या ने 15 दिन के भीतर सड़क खोलने का आश्वासन दिया है। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने 13 अक्तूबर से प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित कर दिया। इस मौके पर पूर्व प्रधान खुशाल सिंह जेष्ठा, सरपंच राजू सेमिया, खुशाल, भूप्पी मौजूद रहे।