पिथौरागढ़/चंपावत। जिले के विभिन्न हिस्सों में हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश से मलबा और बोल्डर आने के कारण 18 सड़कें बंद चल रही हैं। मुनस्यारी के जलथ गांव में भारी बारिश से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से नदियों के किनारे नहीं जाने और अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की है।
भारी बारिश के कारण मुनस्यारी के जलथ गांव में चंपा रावत का मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने परिवार के साथ पड़ोसी के घर शरण ली है। पीड़ित ने जिला प्रशासन से सहयोग की अपील की है। सिरतोली गांव में भारी बारिश के बाद आधे गांव में बिजली गुल हो गई है। ग्रामीणों ने यूपीसीएल से शीघ्र विद्युत व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।
मूनाकोट ब्लॉक के बेलतड़ी धारी से क्वारबन को जाने वाले पैदल रास्ते के किनारे दीवार गिर गई है जिससे बेलतड़ी के हरिदत्त भट्ट के मकान को खतरा हो गया है। गांव का मुख्य पैदल मार्ग पर मलबा गिरने से लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। ग्रामीण दयानंद भट्ट ने बताया कि दो माह पूर्व लोनिवि से बरसाती नाले से निजात दिलाने के लिए कार्य करने की मांग की थी लेकिन उनकी मांग को गंभीरता से नहीं लिया गया। भारी बारिश से 18 सड़कों के बंद होने से लोग परेशान हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से शीघ्र सड़कों को खोलने की मांग की है। इधर चंपावत में दो ग्रामीण सड़कें धौन-बडूनी और सिप्टी से अमकड़िया सड़क बंद हैं।
ये सड़कें चल रही हैं बंद
कालिका-खुमती, बंगापानी-जाराजीबली, छिरकिला-जम्कू, बांसबगड़-कोटा-पंद्रहपाला, मंसूरी-काठा-होकरा,डीडीहाट आदिचौरा-हुनेरा, देवीसूना-खेतारकन्याल-गराली, बटगल-सेलिपाक, द्यौड़ा-बारमौ, मलकोट-लोध, बनकोट-ब्रजखोली, सेराघाट-बुसेल, छेड़ा-आगर, पातालभुवनेश्वर-रावलखेत, नाचनी-बांसबगड़-रायाबजेता, तवाघाट-थानीधार, दसाईथल- खिरमांडे और रसैपाटा-मोड्डी सड़क।
पिथौरागढ़ जिले में हुई बारिश का विवरण मिमी में
डीडीहाट-49.80
बेड़ीनाग- 48.00
मुनस्यारी-24.00
धारचूला- 18.00
गंगोलीहाट- 16.50
पिथौरागढ़- 10.00
पिथौरागढ़ की नदियों का जलस्तर
नदी- जल स्तर - खतरे का निशान
काली-889.30 - 890.00
गोरी नदी जौलजीबी-605.10 - 607.80
गोरी नदी मदकोट-1212.90 - 1215.10
सरयू- 450.70 - 453.00