लोहाघाट (चंपावत)। नगर से लगे राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाटन पुल और आरामशीन के आगे निर्माणाधीन स्क्रबर स्थल पर बने गहरे गड्ढे और कीचड़ वाहन चालकों व राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। बारिश के बीच सड़क की बदहाल स्थिति से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए इसे जल्द पूरा करने की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार हो रही बारिश और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण निर्माण स्थल पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इनमें पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती जिससे दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहनों के फंसने तथा हादसे होने की आशंका बनी रहती है।
वाहन चालक दिनेश सिंह, महेश सिंह, नरेश चंद्र और नवीन कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों के लगातार गुजरने से गड्ढे और गहरे होते जा रहे हैं। इससे छोटे वाहनों के चैंबर समेत अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंच रहा है जिसके कारण वाहन मालिकों को आर्थिक क्षति भी उठानी पड़ रही है। उन्होंने संबंधित विभाग से शीघ्र सड़क की मरम्मत कर निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।