बोंगलिंग गांव के लोग बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए।
- फोटो : AMAR UJALA
संवाद न्यूज एजेंसी
धारचूला (पिथौरागढ़)। तहसील मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर दारमा वैली की गांव बोंगलिंग के ग्रामीण बिजली विभाग की अनदेखी से नाराज हैं।
ग्राम प्रधान प्रियंका देवी ने कहा कि नवम्बर दिसम्बर में अत्यधिक बर्फबारी के कारण बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। बार बार विभाग तथा मुख्यालय के अधिकारियों को अवगत कराने पर भी समस्याओं का समाधान करने की जगह ग्रामीणों की उपेक्षा की जा रही है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरोजनी देवी ने कहा कि विभाग की लापरवाही के चलते गांव में हो रही लो वोल्टेज से टीवी तक नहीं चल पा रहे हैं और मोबाइल भी चार्ज नहीं हो पाता है। साथ ही बच्चों को पढ़ने में भी दिक्कते होती हैं।सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बोंगलिंग से धारचूला आने जाने का किराया 600 रुपए पड़ता है। बड़ी मुश्किल से टीवी का रिचार्ज करते हैं पर लो वोल्टेज के कारण टीवी नहीं चलता है। विभाग के द्वारा बिजली का बिल नियमित भेजा जाता है पर खराब लाइन को सुधारने कोई नहीं आता है। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रियंका देवी पूजा, पूनम, रीना, गोर्वधन, कवींद्र सिंह, कुंवर सिंह, दिनेश सिंह, नंदन सिह, विक्रम सिंह, अजय, महेंद्र, अजय कुमार, अरुण सिंह मौजूद रहे। ऊर्जा निगम के अभियंता डीएस निखुुर्पा ने बताया कि नवम्बर दिसम्बर में बर्फबारी से लाइन टूटी थी जो ठीक कर दी थी। अगर लो बोल्टेज की समस्या हो रही है तो शीघ्र ही किसी कर्मचारी को मौके में भेजा जाएगा।