रामगंगा का जलस्तर बढ़ने से नाचनी के पास डूबा पैदल पुल।
- फोटो : अमर उजाला
तीन दिन तक लगातार हुई बारिश, ओलावृष्टि और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी से रामगंगा का जल स्तर बढ़ गया है।
पानी के स्रोत रिचार्ज हो गए हैं। नदी का जलस्तर बढ़ने से हरड़िया के पास कैंचुवा गांव (बागेश्वर) आने-जाने के लिए बनाई गई लकड़ी की अस्थायी पुलिया पानी में डूब गई है। रामगंगा में पुल न होने के कारण नदी में आवागमन के लिए नवंबर-दिसंबर में हर साल स्थानीय लोग पुलिया बनाते हैं।
जून, जुलाई के बाद नदी का जलस्तर बढ़ने से पुलिया बह जाती है। अक्तूबर तक नदी का जलस्तर बढ़ा ही रहता है। इस बार पहले ही पुलिया डूब गई है। कैंचुवा में अनुसूचित जाति के 6 परिवार रहते हैं। अन्य लोग भी इस पुलिया का उपयोग करते हैं। पुलिया बहने से अब लोगों को डेढ़ किमी दूर नाचनी से घूमकर हरड़िया आना पड़ेगा। वहीं पानी के स्रोत रिचार्ज होने से लोगों को राहत मिली है।