मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मल्ला जोहार के रालम गांव में वायरल का जबर्दस्त प्रकोप फैल गया है। 20 से ज्यादा लोग वायरल की चपेट में हैं। पूरे इलाके में चिकित्सा की कोई सुविधा नहीं है। तहसील मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित रालम गांव में कुछ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। ज्यादा गंभीर लोगों को हेलीकॉप्टर से अस्पताल ले जाने की मांग की गई है, लेकिन मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर नहीं पहुंच पा रहा है।
रालम के पूर्व प्रधान मनोहर सिंह दरियाल ने फोन से यहां जानकारी दी है कि गांव में प्रह्लाद सिंह के पुत्र हरीश सिंह की तबियत ज्यादा खराब है। वायरल के कारण उसने पांच दिन से खाना नहीं खाया है। उन्होंने एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा से आग्रह किया है कि हरीश को हेलीकॉप्टर से ले जाने की व्यवस्था की जाए। एसडीएम ने बताया कि मौसम खराब होने के कारण हेलीकाप्टर उड़ान नहीं भर पा रहा है।
दरियाल ने बताया कि यदि जल्दी चिकित्सा सुविधा नहीं मिली तो कुछ और लोगों की हालत भी गंभीर हो जाएगी। प्रशासन रालम गांव के लिए चिकित्सा टीम भेजने की तैयारी कर रहा है। बताया गया है कि रालम गांव में लोग माइग्रेशन पर जाते हैं। ज्यादा ठंड होने के कारण यहां पर लोगों को बुखार और जुकाम जल्दी पकड़ लेता है। इस बीच तहसील क्षेत्र के घाटी वाले इलाकों में भी वायरल फैलने लगा है। मदकोट, नाचनी, बांसबगड़, भैंसकोट क्षेत्र में भी कई लोग बीमार पड़े हैं। अस्पतालों में वायरल पीड़ित मरीज ज्यादा संख्या में पहुंच रहे हैं।