गांधी चौक में राखी को रखीदने के लिए लगी भीड़। संवाद
पिथौरागढ़। रक्षाबंधन पर्व शनिवार को मनाया जाएगा। इस बार भी बाजार में एक से बढ़कर एक आकर्षक राखियां उपलब्ध हैं। इनमें सौ-सौ रुपये के नोट से बनीं राखियां भी शामिल हैं। राखी खरीदने के लिए सिल्थाम, गांधी चौक, सिमलगैर में महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है।
जिले में राखी का पर्व उत्साह से मनाया जाता है। राखियों की खरीदारी के लिए बृहस्पतिवार को बाजार में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। स्थानीय बाजार में पिछले वर्ष की तुलना में इस साल नए-नए डिजाइन की राखी देखने को मिल रही हैं। महिलाओं और बच्चों को डिजाइनयुक्त राखी खूब भा रही हैं। व्यापारियों के मुताबिक इस वर्ष पैसे से बनी राखी, बैंड वाली राखी, छोटे बच्चों के उनके पसंदीदा कार्टून की राखी अधिक आकर्षण का केंद्र बन रही हैं।
बाजार में 10 से 300 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। 200 रुपये नोट के साथ बनी राखी 260, बैंड वाली 80 रुपये, कार्टून वाली राखी 80 से 100 रुपये में बेची जा रही हैं। अलग-अलग दुकानों में लाइट, मोर पंख आदि आकार की राखियां बिक रही हैं।
-इनसेट कोट-
दो दिन लगातार हुई भारी बारिश से राखी के व्यवसाय पर प्रभाव पड़ा। काफी कम महिलाएं राखी खरीदने के लिए बाजार पहुंचीं। बारिश रुकते ही राखी खरीदने के लिए भीड़ नजर आई। - गुड्डू, राखी व्यापारी