धारचूला बाजार में बरसाती नाला पलटने से पटा मलबा
- फोटो : amar ujala
धारचूला में शनिवार अपरान्ह करीब पांच बजे भारी बारिश के दौरान फुलबस्ती नाले का रुख पलट गया और नाले के साथ बहकर आ रहा पानी एवं मलबा मुख्य बाजार में घुस गया। कई दुकानों और घरों को इससे नुकसान पहुंचा है। अचानक नाले का रुख पलटने से अफरा-तफरी मच गई। लोग इस चिंता में हैं कि यदि मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहा तो नगर को गंभीर खतरा हो सकता है। नेपाल रोड की तरफ बनी दो दर्जन से ज्यादा दुकानों में मलबा घुसने से सामान को नुकसान पहुंचा है।
बताया गया कि फुलबस्ती नाले पर मिट्टी और मलबा डंप किए जाने से पिछले साल भी उसका रुख पलट गया था। तब लोगों ने पालिका से आग्रह किया था कि फुलबस्ती नाले में मलबा आदि फेंकने पर रोक लगाई जाए, लेकिन पालिका ने कोई ध्यान नहीं दिया। शनिवार को जैसे ही मूसलाधार बारिश हुई तो नाले ने अपना रौद्र रूप दिखा दिया। नेपाल रोड पर व्यापारी राम सिंह, धीरेंद्र धर्मशक्तू, विनोद अग्रवाल, योगिता स्वीट्स के प्रतिष्ठानों को जबर्दस्त नुकसान पहुंचा है। इस इलाके के लोग दहशत में हैं। बारिश देर शाम तक जारी रही।
पालिका के कर्मचारी इरशाद अहमद और राकेश दयाल ने मौका मुआयना करने के बाद कहा कि इसकी जानकारी नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी और अध्यक्ष को दी जाएगी। रविवार से मलबा हटाने का काम किया जाएगा। इधर, लोग खुद ही अपने घरों के पास जमा मलबे को हटाकर घर के अंदर और दुकान तक पहुंचने का रास्ता बनाने में जुटे हैं। इस बार समय से पहले असामान्य बारिश होने से लोगों की चिंता बढ़ने लगी है। आपदा की दृष्टि से धारचूला तहसील सबसे ज्यादा संवेदनशील है।