डीडीहाट (पिथौरागढ़)। अगले 15-20 दिनों में बरसात शुरू हो जाएगी लेकिन अभी तक नगर क्षेत्र में सड़कों की बंद पड़ी नालियों को नहीं खोला गया है। नाली निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो बरसात में सड़कों का पानी घरों और दुकानों में घुसने का खतरा रहेगा। इस डर से भवन स्वामियों और व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है।
डीडीहाट की आंतरिक सड़क पांच किमी लंबी है। इसमें बनी नालियां पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इन नालियों में जगह-जगह मलबा भरा है। कुछ स्थानों पर नाली ही नहीं बनी है। सड़क पर बने कई कल्वर्ट भी जर्जर हाल में हैं। बरसात में मूसलाधार बारिश होने पर नालियां बंद होने से पानी सड़कों पर बहने लगता है। कई बार बरसाती पानी घरों और दुकानों में घुस जाता है।
ऐसे में लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। ढलान वाले क्षेत्रों में बरसाती पानी के नाले गिरने से भवनों को भी खतरा पैदा होता है। नालियों को नहीं खोले जाने से लोग चिंतित हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निर्माणदायी संस्थाओं को सड़क की बंद पड़ी नालियों को खोलने के लिए निर्देशित करने की मांग की है। एसडीएम श्रेष्ठ गुनसोला का कहना है कि लोनिवि को मानसून आने से पूर्व बंद पड़ी नालियों और कलवर्ट को ठीक करने के निर्देश दिए हैं।
बरसात से पहले ही सड़कों पर जमा हो गया मलबा
डीडीहाट। पिछले दो सप्ताह से क्षेत्र में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मानसून पूर्व बारिश से भी स्थिति बिगड़ने लगी है। पिछले सप्ताह लगातार चार दिन तक हुई बारिश से पानी के साथ नालियों का मलबा बहकर सड़क पर फैल गया। डीडीहाट नगर से पमस्यारी को जाने वाली सड़क में मलबे के कारण दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। संवाद