फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UK News: मनगढ़ में फिर गिर रहे बोल्डर, पहाड़ी पर लटके हैं कई बड़-बड़े पत्थर; दहशत में 50 से अधिक परिवार

Tue, 02 Sep 2025 05:22 PM IST
हीरा मेहरा अमर उजाला नेटवर्क, पिथौरागढ़

सार

बेड़ीनाग विकासखंड के मनगढ़ गांव में बारिश ने फिर से यहां के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब भी पहाड़ी पर कई बोल्डर लटके हैं जिससे खतरा बना हुआ है। पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने से 50 से अधिक परिवार दहशत में हैं।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 

पिथौरागढ़ जिले के बेड़ीनाग विकासखंड के मनगढ़ गांव में बारिश ने फिर से यहां के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खड़िया खनन से प्रभावित इस गांव में फिर से बोल्डरों की बारिश हुई। अब भी पहाड़ी पर कई बोल्डर लटके हैं जिससे खतरा बना हुआ है। पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने से 50 से अधिक परिवार दहशत में हैं। हालात यह हैं कि ग्रामीण घरों के भीतर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। ग्रामीणों ने आपदा प्रबंधन विभाग को सूचना देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।

बेड़ीनाग ब्लॉक का मनगढ़ गांव खड़िया खनन से प्रभावित है। गांव के ठीक ऊपर हुए खड़िया खनन से भूस्खलन हुआ तो बीते वर्ष सितंबर में छह से सात मकान जमींदोज हो गए थे। यह मामला खासा चर्चाओं में रहा था। अब इस बार फिर से मानसूनी बारिश ने इस गांव के लिए आपदा के हालात पैदा कर दिए हैं। बीते सोमवार को हुई भारी बारिश से पहाड़ी से भूस्खलन हुआ और गांव की तरफ भारी मात्रा में बोल्डर गिरे। दहशत में आए लोग घरों से बाहर निकले और पूरी रात पहाड़ी की निगरानी करते रहे।

ग्राम प्रधान कविंद्र सिंह, विशन सिंह, विक्रम सिंह, नवीन सिंह, राजन सिंह, कल्याण सिंह, मोहन चंद्र पंत, शंकर सिंह, गोविंद, सुंदर आदि ग्रामीणों ने आपदा प्रबंधन विभाग को घटना की सूचना देते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। प्रधान कविंद्र सिंह ने कहा कि अब भी पहाड़ी पर कई बोल्डर अटके हुए हैं। पहाड़ी से लगातार मलबा गिर रहा है जिससे 50 से अधिक परिवार खतरे में हैं।

प्रधान ने कहा कि ग्रामीण अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को देखते हुए घरों के भीतर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। यदि सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो बड़ी घटना घट सकती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए उनका विस्थापन जरूरी है। शासन-प्रशासन को शीघ्र इस पर उचित निर्णय लेना चाहिए।

बलतड़ी में सुरक्षा दीवार ढहने से खतरे में आया मकान

झूलाघाट क्षेत्र के बलतड़ी गांव में भारी बारिश के बाद सुरक्षा दीवार ढहने से नारायण राम का दो मंजिला मकान खतरे में आ गया है। पूर्व बीडीसी सदस्य रमेश चंद रोडियाल ने बताया कि नारायण राम दिल्ली में रोजगार करते हैं। मकान में उनकी पत्नी रहती है। आपदा के खतरे को देखते हुए वह डर के साए में मकान में रहने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने राजस्व विभाग को सूचना देकर शीघ्र सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है। संवाद

मनगढ़ गांव में बोल्डर गिरने की सूचना मुझे नहीं मिली है। यदि ऐसा है तो शीघ्र ही निरीक्षण के लिए टीम भेजी जाएगी। पूर्व में खड़िया खनन के पट्टेधारक को सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए गए थे। - आशीष जोशी, एसडीएम, बेड़ीनाग

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें