अभिनय द वायस इंडिया के विजेता पवनदीप राजन कुछ समय बाद फिल्मों में अभिनय करते नजर आएंगे। उन्होंने मुंबई में एक फिल्म के लिए साइन किया है। जल्दी ही फिल्म की शूटिंग शुरू होगी। पवनदीप अब बालीवुड का रुख करने की तैयारी में हैं। बृहस्पतिवार को जौलजीबी में कार्यक्रम पेश करने जाते समय पवनदीप कुछ देर के लिए अमर उजाला कार्यालय पिथौरागढ़ में रुके। उन्होंने कहा कि अमर उजाला ने बचपन से ही मेरा सपोर्ट किया है। जब ढाई साल की उम्र से तबलावादन किया तो अमर उजाला ने अच्छी कवरेज दी थी।
पवनदीप का कहना है कि द वायस इंडिया बनने के बाद गायन में सबसे बड़ा फर्क यह आया कि पहले जब अच्छा भी गाता था तो लोग ठीक नहीं गाया कह देते थे। अब बुरा भी गाता हूं तो दर्शक वाहवाही करने लग जाते हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ में गायन के क्षेत्र में कई प्रतिभाएं आगे आ सकती हैं। सिर्फ उनको लगन से काम लेना होगा। वह कहते हैं कि अक्सर गायन के क्षेत्र में कदम रखने वाले बीच में ही रियाज छोड़ देते हैं। जबकि गायन के लिए निरंतर अभ्यास की जरूरत होती है। द वायस इंडिया बनने के बाद पवनदीप दक्षिण अफ्रीका का दौरा कर आए हैं और जल्दी ही लंदन के दौरे पर जाने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि सेलेब्रेटी बन जाने के बाद काम मिलने में कोई दिक्कत नहीं होती। अब कई जगह से आमंत्रण आते हैं। कई फिल्मों में गाने के लिए वह साइन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि जौलजीबी मेले में भी वह कम से कम 15 गाने पेश करेंगे। यह अपने इलाके का मेला है। इसमें वह किसी प्रकार का पैसा नहीं लेंगे। 20 वर्षीय पवनदीप का कहना है कि द वायस इंडिया बनने के बाद खुद का आत्मविश्वास तो बढ़ा ही है, लोगों का व्यवहार भी उनके प्रति बदल गया है। पहले जो लोग तू करके संबोधित करते थे वह अब आप करके संबोधित करने लगे हैं।