जनता दरबार में लोगों की समस्या सुनते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
डीएम सी रविशंकर ने जनता दरबार में कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराया। डीएम ने एनएच चौड़ीकरण से निकल रहे मलबे को डंपिंग जोन से हटकर डालने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। कहा है कि सड़क के किनारे किसी भी दशा में मलबा नहीं डालने दिया जाएगा। इस सोमवार के जनता दरबार में विभिन्न समस्याओं को लेकर 45 आवेदन प्राप्त हुए।
डीएम ने बताया कि 24 जुलाई से शुरू हुए जनता दरबारों में 275 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 220 समस्याओं का निस्तारण हो गया है। शेष समस्याओं का निराकरण भी जल्द करा लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता से करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यालय में एक पंजिका बनाकर समस्याओं को नोट करें और प्राथमिकता से उनका समाधान किया जाए।
रई में मकान के पीछे पानी निकलने का मामला जनता दरबार में उठा।
मझेड़ा (नाकोट) की एक महिला ने पति द्वारा उत्पीड़न करने का मामला उठाया। भूमिहीनों को भूमि आवंटन, भूमि का मालिकाना हक देने, पानी, सड़क, बिजली की समस्याएं शिविर में उठी। स्कूलों की समस्याएं भी प्रमुखता से लोगों ने उठाई। सड़क का मुआवजा न मिलने के मामले भी शिविर में उठे। बजेटी के लोगों ने सड़क में कटी जमीन का जल्द भुगतान कराने की मांग की। आपदा मद से सहायता देने के साथ ही तमाम प्रकरण जनता दरबार में उठे। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में उठे प्रकरणों का समाधान करने के साथ ही की गई कार्यवाही से संबंधित व्यक्ति को भी सूचित किया जाए।