टनकपुर(चंपावत)। मां पूर्णागिरि मंदिर समिति ने जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। इसमें धाम क्षेत्र में खतरा बने पेड़ों के पातन और जल कुनिया पेयजल योजना को सुचारू करने की मांग की गई है।
मंगलवार को समिति अध्यक्ष किशन तिवारी ने यह ज्ञापन भेजा। इसमें बताया गया है कि जल कुनिया पेयजल योजना काफी समय से बंद है। इससे टुन्यास काली मंदिर क्षेत्र में पेयजल किल्लत हो रही है जिससे उपभोक्ताओं और श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है।
समिति ने जल संस्थान को तत्काल योजना सुचारु करने का निर्देश देने की मांग की। एक अन्य ज्ञापन में मेला क्षेत्र में खतरा बने पेड़ों का मुद्दा उठाया गया। वन निगम ने मेला समाप्ति के बाद पातन का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक कोई प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। बारिश में इन पेड़ों के गिरने से बड़े नुकसान की आशंका है।