पिथौरागढ़ में चिकित्सा सामग्री की क्रय समिति की बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार ?
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर आवश्यक चिकित्सा सामग्री एवं उपकरण खरीदे जाने के लिए जिला स्तर पर क्रय समिति का गठन किया गया है। डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में शनिवार को क्रय समिति की बैठक हुई। इसमें कोरोना संक्रमण की रोकथाम को आवश्यकतानुसार अतिरिक्त चिकित्सा उपकरण शीघ्र खरीदने का निर्णय लिया गया। डीएम ने सीएमओ से कहा कि जिस चिकित्सा सामग्री की तात्कालिक आवश्यकता है, उसे खरीदने को अल्पकालिक टेंडर आमंत्रित कर संबंधित फर्म को सामग्री की आपूर्ति का आदेश जारी किया जाए। बैठक में कोविड-19 के जिला नोडल, एसीएमओ डॉ. राजेश ढकरियाल ने बताया कि कोरोना की रोकथाम को पूर्ण तैयारी की गई है। दो वेंटिलेटर खरीदने के साथ ही दो पीपीई किट, 695 एन 95 मास्क, 600 लीटर हैंड सैनिटाइजर, 200 मिली के कुल 1300 बोतल, 1800 किलो हाइपोक्लोराइड, 1.59 लाख सर्जिकल मास्क, 600 लीटर फिनाइल, 300 बेड सीट, 20 स्प्रे मशीन, 180 यूटिलिटी ग्लव्स, 800 किलो बायोडिग्रेडिबल बैग, एक हजार होम क्वारंटीन फ्लेक्सी, 46 गम बूट उपलब्ध है। यह सामग्री सभी चिकित्सालयों में उपलब्ध कराई गई है। समिति की ओर से विभिन्न आवश्यक उपकरण खरीदने पर भी निर्णय लिया गया। बैठक में सीडीओ वंदना, सीएमओ डॉ. उषा गुंज्याल, मुख्य कोषाधिकारी डॉ. पंकज कुमार शुक्ला, एसई लोनिवि मनोहर धर्मशक्तु मौजूद रहे।