फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: जनप्रतिनिधियों ने कहा अधिकारी नहीं उठाते फोन, बीडीसी बैठक में किया हंगामा

Thu, 25 Jun 2026 11:04 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
डीडीहाट(पिथौरागढ़)। जब अधिकारी जनप्रतिनिधियों के फोन नहीं उठाते तो आम जनता की समस्याओं का किस गंभीरता से समाधान करते होंगे। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। यह कहते हुए क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने ब्लॉक डेवलपमेंट काउंसिल (बीडीसी) की बैठक में हंगामा किया। सीडीओ डॉ. दीपक सैनी ने इस पर नाराजगी जताते हुए जनप्रतिनिधियों को कार्रवाई का भरोसा दिया। तब जाकर जनप्रतिनिधियों का आक्रोश शांत हुआ और बैठक शुरू हो सकी।
विज्ञापन

विकासखंड सभागार में ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र धामी की अध्यक्षता में बीडीसी बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य, पानी, बिजली, सिंचाई के मुद्दे छाए रहे। ग्राम प्रधान अठखेत दीपक भैंसोड़ा ने कहा थल अस्पताल में महिला चिकित्सक की नियुक्ति न होने से क्षेत्र की महिलाएं परेशान हैं। उन्होंने शीघ्र महिला चिकित्सक की तैनाती की मांग की।
ग्राम प्रधान लीमा भाट कुंदन भाटिया ने जौरासी में एलोपैथिक अस्पताल को खोलने और प्रधान महिमन कन्याल ने हरड़कटियां अस्पताल में तीन माह से डाॅक्टर के नहीं होने का मामला उठाया। क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र बोरा ने कहा कि विशेषज्ञों की कमी से डीडीहाट सीएचसी रेफर सेंटर बनकर रह गया है। उन्होंने शीघ्र सीएचसी में हड्डी और महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती की मांग की।
विज्ञापन

वहीं जनप्रतिनिधियों बिजली लाइन को पेड़ों से हटाने, सड़कों पर डामरीकरण करने, सिंचाई के लिए पानी की व्यवस्था करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि बैठक में समस्याएं तो उठाई जाती हैं लेकिन इनका समाधान नहीं होता। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं का गंभीरता से समाधान करने के निर्देश दिए।
यहां एसडीएम खुशबू पांडे, ज्येष्ठ प्रमुख प्रीति बोरा, कनिष्ठ प्रमुख महेंद्र सत्याल, जिला पंचायत सदस्य कमल कन्याल, खंड विकास अधिकारी जगदीश टम्टा सहित अधिकांश विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
-
बिजली का बिल अधिक आने से नाराजगी
जनप्रतिनिधियों ने यूपीसीएल को घेरा। उन्होंने कहा कि यूपीसीएल बिजली का मनमाना बिल भेज रहा है। रीडिंग के अनुसार बिल नहीं भेजा जा रहा है इसकी मार उपभोक्ता सह रहे हैं। आए दिन बिजली कटौती हो रही है और यूपीसीएल बिल बराबर भेज रहा है। सभी ने यूपीसीएल से व्यवस्था में सुधार लाने की मांग की। चेतावनी देते हुए कहा यदि ऐसा नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें