बलुवाकोट में मातृ शिशु कल्याण की बदहाली को लेकर सीएम के खिलाफ प्रदर्शन करते यूथ कार्यकर्ता।
- फोटो : PITHORAGARH
बलुवकोट(पिथौरागढ़)। यूथ कांग्रेस ने मातृ शिशु कल्याण की बदहाली को लेकर मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र की जनता के साथ लगातार खिलवाड़ रहे हैं। लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को यूथ कांग्रेस जिला महासचिव पंकज मेहरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि मातृ शिशु कल्याण में महिला डॉक्टर नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने यहां पर अल्ट्रासाउंड, एक्स रे, ईसीजी, खून जांच की व्यवस्था करने की मांग उठाई ताकि गर्भवती महिलाओं को लाभ मिल सके। कहा कि एकमात्र एएनएम की तैनाती से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मातृ शिशु कल्याण भवन सिर्फ बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाने के लिए ही न हो, इसमें गर्भवती महिलाओं का उपचार भी किया जाए। यहां पर बिजली, पानी की भी व्यवस्था की जाए। पंकज ने कहा कि महिला डॉक्टर तैनात होने से बलुवाकोट, पय्यापौड़ी, ढुंगातोली, घाटीबगड़, छारछुम, फीलम, सीपू, कनार, नयाबस्ती, बलधार, जौलजीबी क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। प्रदर्शन करने वालों चंद्र सिंह ग्वाल, प्रदीप कुमार, सौरभ बोनाल, विकास फिरमाल, भूपेश सिंह आदि शामिल रहे।