पिथौरागढ़। शासन से सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं लेकिन बजट देने में कंजूसी की जा रही है। विभाग की ओर से सिर्फ राज्यमार्गों को ही गड्ढा मुक्त किया जा रहा है और ग्रामीण सड़कों को अपने हाल पर छोड़ दिया गया है। ग्रामीणों को बदहाल सड़कों पर जान जोखिम में डालकर सफर करना होगा।
सीमांत जिले में आठ राज्य मार्ग और करीब 120 से अधिक ग्रामीण सड़कें हैं। सभी सड़कें गड्ढों से पटी हैं। ग्रामीण अपने क्षेत्र की सड़कों के गड्ढा मुक्त होने का इंतजार कर रहे हैं। बीते दिनों शासन स्तर पर सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश जारी हुए थे। ग्रामीणों की उम्मीद को बजट की नामंजूरी ने तोड़ दिया है। राज्य मार्गों पर हुए गड्ढे को पाटने के लिए ही बजट मिल पाया है।
लोनिवि अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीण सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए भेजे गए प्रस्तावों को स्वीकृति नहीं मिली है। सिर्फ राज्य मार्गों को ही गड्ढा मुक्त करने के लिए 80 लाख रुपये मंजूर हुए हैं।
आपदा मद से ठीक होंगी सड़कों की टूटी सुरक्षा दीवारें
पिथौरागढ़। जिले में मानसूनी बारिश ने काफी नुकसान किया है। आपदा से अधिकांश ग्रामीण सड़कें बदहाल हैं और सड़कों की सुरक्षा दीवार जगह-जगह क्षतिग्रस्त हैं। लोनिवि को सड़कों की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों को ठीक करने के लिए आपदा मद से करीब 40 लाख रुपये मिले हैं।
बोले लोग:
सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए धन न मिलना गंभीर है। गड्ढा मुक्त सड़कों के सभी दावे हवाई हैं। देवलथल-उड़ई सड़क के सुधारीकरण के लिए कई बार आंदोलन किया, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। जगदीश कुमार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य, देवलथल
-
गड्ढों से पटी बंगापानी-जाराजिबली सड़क पर जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे हैं। लंबे समय से मांग के बाद भी गड्ढे नहीं भरे जा रहे हैं और दुर्घटना का इंतजार किया जा रहा है। सुंदर सिंह धामी, जाराजिबली
-
सड़कें गड्ढा मुक्त होने से जिले के लोगों की परेशानी कम होती। सड़कों पर आवाजाही करने में खतरा कम होता। जिले की अधिकांश आबादी गांवों में बसती है। गांवों की ही सड़कों को प्राथमिकता से गड्ढा मुक्त करना चाहिए। शमशेर सिंह सामंत, उड़ई
-
कोट:
शासन से ग्रामीण सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए धन स्वीकृत नहीं हुआ है। राज्य मार्गों को प्राथमिकता से गड्ढा मुक्त किया जा रहा है। शासन से मिले निर्देशों के आधार पर काम किया जा रहा है। दिनेश जोशी, एई, लोनिवि, पिथौरागढ़