पिथौरागढ़। सीएम पुष्कर सिंह धामी के पैतृक गांव हड़खोला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अस्पताल बनने के बाद हड़खोला सहित आसपास के गांवों की बड़ी आबादी को काफी राहत मिलेगी।
सीएम के पैतृक गांव हड़खोला में अब तक इलाज की कोई सुविधा नहीं है। यहां के लोगों को मामूली इलाज के लिए भी हचीला या फिर 12 किलोमीटर दूर कनालीछीना जाना पड़ता है। क्षेत्र के लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग के लिए स्वास्थ्य विभाग को पत्र दिया था। अब स्वास्थ्य विभाग सीएम के गांव में अस्पताल खोलने की तैयारी में है।
विभाग ने भूमि चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग को अस्पताल खोलने के लिए पांच नाली या इससे अधिक भूमि की जरूरत है। अस्पताल बनने से बंदरलीमा, चर्मा, जौरासी आदि क्षेत्र की दो हजार से अधिक की आबादी को लाभ मिलेगा।
क्षेत्र के लोगों के पत्र के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की कार्रवाई शुरू की गई है। पांच नाली या इससे अधिक भूमि उपयुक्त जगह पर चयनित करने की प्रक्रिया चल रही है। भूमि का चयन होने के बाद डीपीआर बनाकर शासन को भेजी जाएगी।
- डॉ. एचसी ह्यांकी, सीएमओ पिथौरागढ़।