पिथौरागढ़। चंडाक रोड पर पार्किंग निर्माण के दौरान हुए भूस्खलन के बाद दो सड़कें खतरे की जद में आईं तो लोनिवि ने कार्यदायी संस्था को जल्द सुरक्षा के प्रबंध न करने पर एफआईआर दर्ज करने का पत्र भेजा। इस पर कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल ने नई निर्माण एजेंसी का चयन करने का हवाला देते हुए लोनिवि से सड़क सुरक्षा के उपाय करने के लिए समय मांगा था लेकिन एक महीने बाद भी सुरक्षा के उपाय शुरू नहीं हो सके हैं। पार्किंग के नाम पर जनता के एक करोड़ रुपये डूबने के बाद भी दोनों विभाग चुप हैं।
चंडाक रोड पर बीते वर्ष जून में 22 करोड़ की लागत से बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। मानसून की शुरुआती बारिश में ही यहां भूस्खलन हुआ और पार्किंग आपदा की भेंट चढ़ गई। भूस्खलन से चंडाक और बेस अस्पताल को जोड़ने वाली दो सड़कें भी खतरे की जद में आ गईं हैं। भूस्खलन होते ही कार्यदायी संस्था ने सड़कों की सुरक्षा के नाम पर मड बैग रखकर औपचारिकता निभा दी और पार्किंग का निर्माण कार्य रोक दिया।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न करने पर 19 फरवरी को लोनिवि ने ब्रिडकुल को सिर्फ एफआरआई करने का पत्र लिखा। ब्रिडकुल ने भी पांच दिन बाद 24 फरवरी को लोनिवि को पत्र भेजकर नई निर्माण एजेंसी का चयन कर जल्द सुरक्षा के उपाय कराने की बात कही लेकिन एक महीना बीतने के बाद भी सड़कों की सुरक्षा के कोई उपाय नहीं किए जा सके हैं। अब एक बार फिर मानसूनकाल नजदीक है और दोनों विभागों की यह लापरवाही भविष्य में जनता पर भारी पड़ सकती है। यही नहीं यदि अब भूस्खलन हुआ तो सड़कों के अलावा जीजीआईसी और आसपास के कई भवनों को भी खतरा पैदा हो सकता है। मामला खुलने के बाद अब लोनिवि ब्रिडकुल के खिलाफ जल्द एफआईआर दर्ज कराने की बात कर रहा है। संवाद
पर्याप्त धन न मिलने से लोनिवि ने सुरक्षा के उपाय करने से पीछे खींचे हाथ
ब्रिडकुल ने सड़कों की सुरक्षा के उपाय नहीं किए तो लोनिवि ने आपदा मद से इसके लिए धनराशि मांगी। विभाग ने 71.39 रुपये का आगणन तैयार कर आपदा प्रबंधन विभाग को भेजा। फिलहाल लोनिवि को सिर्फ 25 लाख रुपये की ही स्वीकृति मिली है। इस पर लोनिवि के सहायक अभियंता ने ईई को पत्र देकर कहा कि इतनी कम धनराशि में 75 मीटर लंबी और 10 मीटर ऊंची सुरक्षा दीवार का निर्माण कर पाना असंभव है।
कोट
ब्रिडकुल को सड़कों की सुरक्षा के उपाय न करने पर एफआईआर दर्ज करने का पत्र जारी किया था। कार्यदायी संस्था ने नई निर्माण एजेंसी का चुनाव कर सुरक्षा के उपाय करने के लिए समय मांगा। अब तक संस्था ने कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाए हैं। जल्द सुरक्षा के उपाय शुरू नहीं हुए तो लोनिवि एफआईआर दर्ज करेगा। - विवेक सक्सेना, ईई, लोनिवि, पिथौरागढ़