लोहाघाट (चंपावत)। नागार्जुन धाम में लगने वाले नगरूघाट मेले की तैयारियां पूरी हो गई हैं। आयोजन समिति ने सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। मेला समिति के अध्यक्ष जगदीश कलौनी और सतीश पांडेय ने बताया कि सोमवार 23 नवंबर को तीन गांवों के देव जत्थे नगरूघाट के लिए रवाना होंगे। 24 नवंबर को गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के साथ मेले का समापन होगा। सल्टा, बगोटी और जमरसों गांवों के देव रथों पर नागार्जुन बाबा का भर्रा स्वरूप मंदिर की परिक्रमा करेगा। इसके बाद आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालु भी मंदिर की परिक्रमा करेंगे। इस दौरान नागार्जुन मंदिर में पारंपरिक झोड़ा, भजन-कीर्तन और ढुस्कों का गायन किया जाएगा। मेले को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है। तैयारियों में मंदिर एवं मेला समिति के सचिव कमल बोहरा, कोषाध्यक्ष रमेश चंद, मेला प्रभारी विक्रम सिंह सामंत, ग्राम प्रधान चंद्रकांत तिवारी, ईश्वर बोहरा, प्रेम सिंह, प्रकाश सामंत आदि लोग जुटे हुए हैं।