पिथौरागढ़। बारिश और अंधड़ से पेड़ गिरने से नगर के आसपास के करीब 18 गांवों में बिजली गुल रही। 12 हजार से अधिक की आबादी को पूरी रात बिना बिजली के गुजारनी पड़ी। दूसरे दिन भी देर शाम तक अधिकांश गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है।
मुख्यालय सहित जिले के अधिकांश इलाकों में रविवार को भारी बारिश हुई। बारिश के बीच रविवार को देर रात सुकौली गांव में पेड़ गिरने से 11 केवीए लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। ऐसे में गणकोट, सुकौली, विषाड़, कुचिगाड़, रावल गांव, डंडूखोला, टकाड़ी, हुड़ेती और महादेव धारा क्षेत्र सहित कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लोग बिजली का इंतजार करते रहे लेकिन उन्हें निराश होना पड़ा। लोगों को बगैर बिजली के रात बितानी पड़ी। गणकोट, सुकौली, विषाड़ क्षेत्र में सोमवार देर शाम तक भी बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। वहीं सौन पट्टी क्षेत्र के अड़किनी में रविवार की मध्यरात्रि में बारिश से विद्युत लाइन में फाल्ट आ गया, जिससे क्षेत्र के 10 से 12 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। खराबी को दूर कर इन क्षेत्रों में सोमवार सुबह नौ बजे के करीब बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
बोले लोग
बिजली आपूर्ति ठप रहने से परेशानी झेलनी पड़ी। आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित होने से सभी परेशान हैं। यूपीसीएल को व्यवस्था में सुधार करना चाहिए।
कलावती कुंवर, टकाड़ी
बिजली आपूर्ति ठप होने से मोबाइल भी चार्ज नहीं हो सके। मोमबत्ती के सहारे घरों को रोशन करना पड़ा। आए दिन इस तरह की समस्या होती है। भवन निर्माण चल रहा है। बिजली न होने से सरिया भी बमुश्किल काटा गया।
नीरज गणकोटी, पूर्व ग्राम प्रधान, गणकोट
श्रमिकों की केवाईसी कराने के लिए श्रम विभाग की टीम क्षेत्र में आई थी। बिजली न होने से फोन चार्ज नहीं हुए तो इसकी सूचना लोगों तक नहीं पहुंची। ऐसे में कुछ ही लोगों की केवाईसी हो पाई।
-भुवन कुमार, सरपंच, सुकौली-गणकोट
...............
मौसम में खराबी के चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। खराबी को दूर कर अधिकतर जगह बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।
-हरीश बोहरा, जेई, यूपीसीएल, अड़किनी क्षेत्र