सड़क कटिंग के चलते खतरे की जद में आया पोल
- फोटो : अमर उजाला
देविसौना से जमतड़ी तक कट रही प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से करीब आधा दर्जन गांवों को जा रही विद्युत लाइन खतरे की जद में आ गई है। इसके चलते बरसात के सीजन में अनहोनी की आशंका बनी है।
प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत देविसौना से जमतड़ी तक सड़क कटिंग की गई है। एक वर्ष पहले कटी उक्त सड़क से मौगड़ा, चैनाला, वनराजि बस्ती मदनपुरी, कूटा, बसौरा, बांसाखोला, खर्का और तल्ली बसौरा को जाने वाली विद्युत लाइन को गंभीर खतरा बना हुआ है। सड़क कटिंग के बाद 60 से 100 मीटर क्षेत्र में भूस्खलन हो गया। इससे बिजली के पोल 10 मीटर तक नीचे खिसक गए हैं। बीडीसी सदस्य महेश कन्याल का कहना है कि कई बार इस बाबत विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई।
अधिकारियों का कहना था कि सड़क कटिंग के दौरान भूस्खलन को रोकने के लिए पीएमजीएसवाई को सुरक्षा दीवार लगानी चाहिए थी। वहीं पीएमजीएसवाई अधिकारियों का कहना था कि उन्होंने पूर्व में ही स्लाइडिंग जोन की जानकारी विभाग को देते हुए विद्युत पोलों को शिफ्ट करने को कहा था। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों के अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे।