बिजली संकट से त्रस्त लोगों का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
पुंगराऊं घाटी के लोगों ने बुधवार को बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। ट्रांसफार्मर फुंकने से बौंगाड़, बंटोली समेत कई गांवों की सप्लाई ठप है। 15 दिन पहले यह ट्रांसफार्मर फुंक गया था, लेकिन विभाग ने अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया है। पुंगराऊं घाटी के अन्य गांवों में अघोषित बिजली कटौती से भी लोग परेशान हैं।
पुंगराऊं घाटी एकता मंच के महासचिव दीपक कार्की ने बताया कि विभाग के लोग ग्रामीण इलाकों की सप्लाई पर कोई ध्यान नहीं देते। उन्होंने कहा कि पुंगराऊं घाटी के 60 गांवों में एक महीने से बिजली कटौती हो रही है, लेकिन उसे रोकने का प्रयास नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारी कभी भी जनता की समस्या को हल करने का प्रयास नहीं करते। घाटी वाले इस इलाके में गर्मी ज्यादा पड़ती है। इसके अलावा जंगली जानवरों का भी खतरा रहता है।
उन्होंने एलान किया कि उपभोक्ता बिजली के बिलों का भुगतान नहीं करेंगे और जरूरत पड़ने पर उग्र आंदोलन छेड़ेंगे। प्रदर्शन में भगत सिंह, राहुल कार्की, हरीश कार्की, नंदन सिंह, कृपाल सिंह, इंद्र सिंह, दरबान सिंह आदि थे। विभाग के अधिकारियों ने कहा कि ट्रांसफार्मर बदलने में अभी कुछ समय और लगेगा।
दिनभर गुल रही बिजली
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। गंगोलीहाट में दिनभर बिजली गुल रही। सुबह करीब 8 बजे तहसील रोड पर एक ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट हुआ। उसके बाद से दिनभर बिजली नहीं आई। बिजली कर्मी पिथौरागढ़ से आने वाली लाइन में फाल्ट बता रहे हैं। देर शाम तक भी गंगोलीहाट की बिजली बहाल नहीं हुई थी।