जिला मुख्यालय की आंतरिक सड़कों के बुरे हाल हैं। यहां तक कि सड़कों का निर्माण और रखरखाव करने वाले लोक निर्माण विभाग के आफिस के सामने भी लंबे समय से गड्ढे बने हैं,लेकिन हादसों को दावत दे रहे इन गड्ढों को दुरुस्त करने के आज तक प्रयास नहीं हुए हैं।
पिथौरागढ़ नगर की सड़कों पर लगभग एक दर्जन से अधिक स्थानों पर गड्ढे बने हैं। कुछ गड्ढे पेयजल लाइन और टेलीफोन केबल के कारण तो कुछ गड्ढे स्पीड ब्रेकरों के उखड़ने से बने हैं।
यहां तक कि नगरपालिका से घंटाकरण के बीच में स्थित लोक निर्माण विभाग के निकट भी सड़क पर दो गड्ढे बने हैं। इन गड्ढों के कारण दोपहिया वाहनों के संचालन में दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। जन मंच के संयोजक भगवान रावत का कहना है कि सड़कों पर गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। निर्माणदायी संस्था को शीघ्र गड्ढों के कारण खतरा बनी सड़कों को दुरुस्त करना चाहिए।